डीएम ने जिला कृषि अधिकारी को दिए कड़े निर्देश
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में जिला उद्योग बन्धु की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में व्यापारियों ने बीज की दुकानों पर अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा बीज के नमूने एकत्रित किए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा केवल जिला कृषि अधिकारी एवं अपर जिला कृषि अधिकारी को ही बीज गुणवत्ता नियंत्रण हेतु नमूने एकत्रित करने के लिए अधिकृत किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी अनधिकृत कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
व्यापारियों द्वारा छिबरामऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों में बाट-माप निरीक्षक द्वारा अनधिकृत चालान किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित निरीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा तथा अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) को बाट-माप कार्यालय का निरीक्षण कर जांच करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका गुरसहायगंज में स्थापित एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के संचालन न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि संचालन नहीं हो रहा है, तो संबंधित फर्म के विरुद्ध ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए तथा व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों के साथ संवेदनशीलता एवं सहृदयता से व्यवहार किया जाए।
उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि इत्र पार्क में शेष उपलब्ध प्लॉट्स के आवंटन हेतु निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से शीघ्र आवेदन करें। साथ ही आश्वस्त किया कि उद्योगों से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनपद में अधिक से अधिक निवेश के लिए भी प्रोत्साहित किया।
जिलाधिकारी ने “प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना” को सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए कहा कि इसके अंतर्गत असंगठित क्षेत्र के कामगारों—जैसे निर्माण श्रमिक, घरेलू कामगार, कृषि श्रमिक, मनरेगा श्रमिक, स्वयं सहायता समूह के सदस्य, रसोइया आदि—का पंजीकरण किया जा रहा है। योजना के तहत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे श्रमिक, जिनकी मासिक आय ₹15,000 तक है तथा जो EPFO, ESIC या NPS के सदस्य नहीं हैं, पात्र हैं। इसके लिए कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत, एलडीएम, समाज कल्याण मंत्री के प्रतिनिधि आर.एस. कठेरिया, अतर एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन त्रिवेदी, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल कन्नौज के जिलाध्यक्ष राज शर्मा सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।
