कन्नौज: टीकाकरण अभियान के लिए डीएम की अध्यक्षता में बनाई गई रणनीति

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में विद्यालय आधारित टीकाकरण एवं एचपीवी टीकाकरण अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रणनीति, लक्षित आयु वर्ग, विभागीय समन्वय एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बताया गया कि जनपद के समस्त शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत 05 वर्ष आयु के बच्चों को डीपीटी बूस्टर, तथा 10 वर्ष एवं 16 वर्ष आयु के बच्चों को टीडी वैक्सीन की बूस्टर डोज से आच्छादित किया जाएगा। यह विशेष टीकाकरण अभियान 20 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को डिप्थीरिया जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से सुरक्षित करना है।

इसके अतिरिक्त, 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी सभी बालिकाओं को गर्भाशय मुख (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन जनपद के समस्त 08 विकास खण्डों के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित एवं प्रभावी है, जिसका उपयोग वर्ष 1996 से विश्वभर में किया जा रहा है और इसके कोई प्रतिकूल प्रभाव दर्ज नहीं हुए हैं। भारत में प्रतिवर्ष लगभग 1.25 से 1.27 लाख महिलाएं एचपीवी संक्रमण से प्रभावित पाई जाती हैं, तथा सर्वाइकल कैंसर महिलाओं की मृत्यु का दूसरा प्रमुख कारण है। ऐसे में यह टीकाकरण बालिकाओं के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।

जिलाधिकारी ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के अधीक्षकों को निर्देशित किया कि इस अभियान को पूर्ण संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग (जिला विद्यालय निरीक्षक/बेसिक शिक्षा अधिकारी), महिला एवं बाल विकास विभाग (डीपीओ, आईसीडीएस), जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.पी. त्रिपाठी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश कुमार शुक्ला सहित संबंधित चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।