कन्नौज: मेरा युवा भारत एवं जिला पूर्ति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 5 दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  मेरा युवा भारत, कन्नौज एवं जिला पूर्ति कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आज जिला पूर्ति कार्यालय परिसर में5 दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम (ईएलपी) का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए उन्हें सरकारी व्यवस्थाओं की जमीनी समझ प्रदान करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पूर्ति अधिकारी  राजीव मिश्रा एवं जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पीडीएस के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न का पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित किया जाता है तथा इसकी निगरानी एवं संचालन की प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

इसी क्रम में क्षेत्रीय विपणन अधिकारी सर्वेश कुमार द्वारा किसान पंजीकरण (फार्मर रजिस्ट्री) एवं वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली को विस्तारपूर्वक समझाया गया। उन्होंने बताया कि किसान पंजीकरण से लेकर खाद्यान्न क्रय, भंडारण एवं वितरण तक की संपूर्ण प्रक्रिया किस प्रकार चरणबद्ध ढंग से संचालित होती है।

वहीं क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी श्री विमल सिकरवार द्वारा फोर्टिफाइड चावल, उज्ज्वला योजना एवं राशन वितरण प्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

साथ ही कार्यक्रम में पूर्ति निरीक्षक सदर  सियाराम कुरील एवं पूर्ति निरीक्षक नगर क्षेत्र  साजिद शिकोह की सक्रिय सहभागिता रही, जिन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने युवाओं को मेरा भारत पोर्टल पर संचालित विभिन्न अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया तथा ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल विकास के महत्व को रेखांकित किया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 8 युवाओं का चयन किया गया है, जिनमें लोकेश, दीपक, अर्चना, सुमित, आदर्श, श्याम सुंदर, शालिनी एवं सुंदरम शामिल हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सरकारी तंत्र की जमीनी कार्यप्रणाली से परिचित कराना एवं उन्हें व्यवहारिक अनुभव प्रदान करना है।