कन्नौज :  अवैध खनन परिवहन करते दर्ज़न भर वाहन पकड़े गए, लाखो जुर्माना, कई सीज़

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। शासन की मंशानुरूप प्रभारी अधिकारी खनिज/अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) देवेन्द्र सिंह ने बताया कि खनन विभाग द्वारा  कल मध्य रात्रि से आज सुबह उपजिलाधिकारी तिर्वा, क्षेत्राधिकारी तिर्वा एवं खनन अधिकारी ने संयुक्त रूप से रात्रि भ्रमण मे प्रवर्तन के दौरान विसधन मकनपुर रोड स्थित सुर्सी चौकी के पास 05 मौरंग के ओवरलोड वाहनों को पकड़कर आनलाइन चालान किया, जिसको मौके पर जमा कराया गया तथा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे सौरिख कट पर 01 वाहन ओवरलोड गिट्टी का पकड़कर आनलाइन चालान किया गया।

इसी प्रकार बेला-तिर्वा मार्ग पर ग्राम अहेर के पास सुबह 6ः00 बजे उक्त टास्क फोर्स टीम द्वारा 07 वाहन मौरगं के अवैध परिवहन में पकड़कर थानाध्यक्ष तिर्वा के अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया। जिला खान अधिकारी संदेश कुमार पटेल ने बताया कि उक्त कार्यवाही मे कुल जुर्माने की धनराशि लगभग रूपये-5,37,900/-अधिरोपित किया गया, साथ ही बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष-2026-27 में अब तक 47 वाहनों पर समन की कार्यवाही करते हुए लखभग 23 लाख रूपये का राजस्व वसूला गया।

अपर जिलाधिकारी ने आम जनमानस को सूचनार्थ के लिये बताया हैं कि अवैध खनन/परिवहन के जुर्माने की कार्यवाही से बचने के लिये उपखनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों पर उपखनिज से संबंधित परिवहन प्रपत्र वाहन के साथ रखें, जिससे संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच के दौरान परिवहन प्रपत्र मांगे जाने पर वाहन स्वामियों द्वारा दिखाया जा सके।