फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा आर0पी0 पी0जी0 कॉलेज, आर0पी0 इंटर कॉलेज, फिरोज गांधी इंटर कॉलेज कमालगंज एवं जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान DM व SP ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, CCTV कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग, परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छता, पेयजल की उपलब्धता तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, पहचान सत्यापन एवं फ्रीस्किंग अनिवार्य रूप से की जाए। किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अथवा नकल सामग्री परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करने पाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नकल कराने या कराने का प्रयास करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी केंद्र प्रभारियों को CCTV कैमरों से निरंतर निगरानी रखने और प्रत्येक गतिविधि रिकॉर्ड करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम तैनात रहेगी।

