कन्नौज : होमगार्ड्स परीक्षा के दूसरे दिन भी डीएम-एसपी ने किया लगातार भ्रमण, रखी पैनी निगाह

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश होम गार्ड्स भर्ती परीक्षा–2025 के सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा तीन दिवसीय परीक्षा के द्वितीय दिवस विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का संयुक्त औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन एवं सूक्ष्म परीक्षण किया गया।

यह परीक्षा मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, जमुना प्रसाद गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेठ बासुदेव सहाय इंटर कॉलेज, गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज मकरंद, केकेसीएन इंटर कॉलेज, के.के. इंटर कॉलेज कन्नौज तथा डी.एन. इंटर कॉलेज तिर्वा में आयोजित की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम परीक्षा केन्द्रों के स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड का अवलोकन, सभी परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों एवं गलियारों की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। के साथ ही प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। 

जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापकों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिस प्रकार पूर्व दिवसों में परीक्षा शांतिपूर्वक एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई है, उसी प्रकार दिनांक 27 अप्रैल 2026 को आयोजित दोनों पालियों की परीक्षा में भी प्रत्येक गतिविधि पर निरंतर एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में सीसीटीवी कैमरे बंद न हों तथा लाइव फीड निरंतर संचालित रहे।

उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी, आधार सत्यापन एवं केवाईसी जांच की प्रक्रिया पूरी सतर्कता से की जाए। प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा हेतु स्ट्रांग रूम की निगरानी, केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध तथा बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्ती से रोक सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्धारित रोल नंबर के अनुसार सीटिंग प्लान उपलब्ध कराते हुए सभी निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाए।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने तैनात पुलिस बल एवं संबंधित कार्मिकों को पूर्ण मुस्तैदी, अनुशासन एवं सजगता के साथ ड्यूटी निर्वहन के निर्देश दिए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।