कन्नौज : विकास कार्यो की मासिक समीक्षा बैठक में डीएम ने अन्नपूर्णा, अमृत सरोवर पर दिया खास जोर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मनरेगा, अन्नपूर्णा भवन, पशुपालन तथा स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न विकासपरक योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों की प्रगति का बिंदुवार परीक्षण करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 17 खेल मैदानों के लक्ष्य के सापेक्ष 4 पूर्ण तथा 13 निर्माणाधीन हैं। मॉडल शॉप निर्माण वर्ष 2024-25 में 75 के लक्ष्य के सापेक्ष 48 पूर्ण, 26 निर्माणाधीन तथा 1 में कार्य प्रारंभ न होना गंभीरता का विषय है। इसी प्रकार 474 अमृत सरोवरों के लक्ष्य के सापेक्ष 439 पूर्ण एवं 35 निर्माणाधीन पाए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त निर्माणाधीन कार्य हर हाल में समय से पूर्ण हो जाने चाहिए। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता व लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने 90,971 सक्रिय श्रमिकों के सापेक्ष 80,355 श्रमिकों की ई-केवाईसी पूर्ण होने पर शेष श्रमिकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

भूसा दान एवं क्रय की समीक्षा में बताया गया कि 1,13,541 कुंतल लक्ष्य के सापेक्ष अब तक मात्र 16,922 कुंतल (2,978 कुंतल दान एवं 13,944 कुंतल क्रय) भूसा संग्रहित किया गया है इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि संग्रहित किए गए भूसे की स्थिति अत्यंत कम है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी खंड विकास अधिकारियों के लिए दिनांकवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए संग्रहण में तेजी लाई जाए। सभी विभाग अपने-अपने निर्धारित लक्ष्य समय से पूर्ण करें। स्टॉक रजिस्टर सुव्यवस्थित रहे तथा दान एवं क्रय भूसे का स्पष्ट विवरण अंकित हो।

जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गौशालाओं में संचालित सीसीटीवी कैमरों का रिचार्ज अगले दिवस तक सुनिश्चित किया जाए। दो दिवस के भीतर कितने कैमरे संचालित एवं कितने खराब हैं, इसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही रोपित हरे चारे की समुचित व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने सभी अधिकारियों को कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ करें, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से आमजन तक पहुँचे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी/जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, परियोजना निदेशक डीआरडीए रामऔतार सिंह, उपायुक्त मनरेगा दिनेश यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।