बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में जनपद में प्रचलित विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजनावार प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के कड़े निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद छिबरामऊ के अंतर्गत अमृत सरोवर योजना के तहत गंगेश्वर तालाब के निर्माण कार्य (स्वीकृत लागत ₹3.93 करोड़) में ₹1.95 करोड़ अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष 85% कार्य पूर्ण होने पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शेष कार्य 31 मई 2026 तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। वर्षा ऋतु के बाद कोई कार्य लंबित मिलने पर कार्यदायी संस्था के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई की जाएगी। अमृत 2.0 के अंतर्गत नगर पालिका कन्नौज में धीरा तालाब, कन्नौज–तिर्वा फ्लाईओवर के निकट तालाब, जिला वनाधिकारी कार्यालय के पीछे स्थित तालाब तथा कलेक्ट्रेट के पास तालाब के विकास कार्यों पर किए गए कार्यों का उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रेषित होने की जानकारी दी गई । उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रमाण पत्रों की स्तरवार जांच कर टीम की नियमित बैठक व सतत निगरानी सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री अभ्युदय एवं मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्यों की समीक्षा में गुणवत्ता व समयसीमा पर विशेष बल दिया गया। जीटी रोड से विद्यालय तक लगभग 300 मीटर मार्ग निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने तथा अप्रैल 2027 तक प्रमुख संरचनाएं पूर्ण कर कक्षाएं प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। वहीं मेंहदी घाट (काली गंगा) के जीर्णोद्धार, छिबरामऊ में अपशिष्ट जल/बाढ़ पम्पिंग स्टेशन, न्यायालय परिसर सहायक सुविधाएं, नवीन थाना सकरावा के आवासीय/अनावासीय भवन तथा मेडिकल कॉलेज में 50 शैय्या क्रिटिकल केयर ब्लॉक सहित सभी परियोजनाओं में विलंब पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में ढिलाई स्वीकार नहीं होगी और नियमित समीक्षा के माध्यम से समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में डीसी एनआरएलएम राजकुमार लोधी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार सहित अन्य अफसर उपस्थित रहें।

