कन्नौज : मंत्री बनकर घर आये कैलाश का जगह जगह फूल मालाओं से भव्य स्वागत

पीएम- सीएम की अपील का दिखा असर, एक ही गाड़ी में बैठकर निकले, जिलाध्यक्ष और पूर्व सांसद

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत मंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुक्रवार को पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे। जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। इस दौरान कारों के काफिले से परहेज किया गया। पार्टी के नेता और पुलिस कर्मी ई-रिक्शों पर नजर आए।

कन्नौज आगमन पर मंत्री कैलाश राजपूत सबसे पहले सर्किट हाउस पहुंचे। जहां डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार की मौजूदगी में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। यहां से निकलकर उन्होंने तिर्वा की ओर प्रस्थान किया।

जहां उत्साहित कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान मंत्री कैलाश राजपूत की गाड़ी के साथ पुलिस स्कॉर्ट की गाड़ी सड़क पर नजर आई। हालांकि कुछ नेताओं की गाड़ियां दूरी बनाकर चलती रहीं।

भाजपा नेताओं ने जगह-जगह किया स्वागत

तिर्वा पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कैलाश राजपूत का जगह-जगह स्वागत किया। इस दौरान उनकी कार के आगे पीछे कुछ ई-रिक्शे काफिले में चलते नजर आए। जिस पर पार्टी कार्यकर्ता और पुलिस कर्मी बैठे दिखाई दिए।

बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ईंधन बचाने की अपील के बाद काफिले से परहेज किया गया।

इसके लिए मंत्री कैलाश राजपूत ने पहले ही वीडियो जारी करते हुए कारें साथ में लेकर चलने से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मना किया था।

स्वागत कार्यक्रम में मंत्री कैलाश राजपूत और भाजपा नेताओं ने गाड़ियों के काफिले से परहेज किया। ऐसे में कन्नौज से तिर्वा रवाना होते वक्त मंत्री कैलाश राजपूत की ही कार पर पूर्व सांसद सुब्रत पाठक और भाजपा जिलाध्यक्ष वीरसिंह भदौरिया सवार हो गए जबकि दूसरी गाड़ी पर उनके सुरक्षा कर्मी सवार रहे। मंत्री के स्वागत के लिए जगह-जगह कार्यकर्ता खड़े दिखाई दिए।

कार्यकर्ताओं को देखकर मंत्री कैलाश राजपूत गाड़ी रुकवा कर उनसे मिलते हुए आगे बढ़े।

कैलाश राजपूत ने 10 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ली थी।

गुरुवार शाम को जारी एक वीडियो सन्देश में मंत्री कैलाश राजपूत ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाहनों के कम उपयोग की अपील की है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रियों की बैठक में निर्देश दिए थे कि मंत्रियों के साथ केवल दो गाड़ियां चलेंगी, जिनमें एक मंत्री की गाड़ी और दूसरी पुलिस एस्कॉर्ट होगी।

मुख्यमंत्री के निर्देशों का हवाला देते हुए मंत्री राजपूत ने कहा था कि वह 15 मई को लखनऊ से कन्नौज आएंगे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर फगुहा कट पर उतरने के बाद वह तिर्वा, इन्दरगढ़, मढ़पुरा और नादेमऊ होते हुए छिबरामऊ स्थित अपने आवास जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे उनके साथ गाड़ियां लेकर न चलें। मंत्री ने कहा कि रास्ते में जहां भी कार्यकर्ता मिलेंगे, वह कार से उतरकर उनसे मिलेंगे और आशीर्वाद लेंगे। यदि आवश्यकता पड़ी तो वह पैदल भी चलेंगे, ताकि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन सुनिश्चित हो सके।