अभ्यर्थी ऋतिक की मौत पर अखिलेश : यह आत्महत्या नहीं, भ्रष्ट तंत्र ने की हत्या

‘‘पीड़ित परिवार को मिले रू 2 करोड़ का मुआवजा’’
लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के अभ्यर्थी के कथित आत्महत्या मामले को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि प्रश्न पत्र लीक के आरोपों के बीच परीक्षा रद्द होने से छात्र अवसाद व संकट में था। यादव ने लखीमपुर खीरी के गंगोत्री नगर निवासी व नीट अभ्यर्थी ऋतिक मिश्रा की मौत पर दुख व्यक्त किया और उसके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि कथित प्रश्न पत्र लीक के कारण परीक्षा रद्द होने से मिश्रा बहुत परेशान थे और अवसाद व तनाव से जूझते हुए उन्होंने अपना जीवन समाप्त कर लिया। यादव ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। सपा प्रतिनिधिमंडल ने मिश्रा के परिवार के लिए 2 करोड़ रुपए के मुआवजे की मांग करते हुए लखीमपुर खीरी जिला मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन भी सौंपा। पार्टी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने वाले अभ्यर्थियों के लिए यात्रा भत्ता मुआवजे के रूप में 50,000 रुपए और परीक्षा अनियमितताओं से जुड़े संस्थानों, अधिकारियों और मंत्रियों को बर्खास्त करने की मांग की।