कन्नौज: लेखपाल परीक्षा: डीएम- एसपी ने लिया परीक्षा केंद्रों का जायज़ा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेठ बसुदेव सहाय इंटर कॉलेज, जे०पी० गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था एवं अभ्यर्थियों की सुविधाओं का जायजा लेते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर सतत एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता, संदिग्ध गतिविधि अथवा अव्यवस्था की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए।

जनपद में कुल 13 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा हेतु कुल 4176 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 758 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई।

निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सुश्री वैशाली सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।