कन्नौज: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का कन्नौज में दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रम 

14 नवंबर को प्रेमपुर कट पर होगा स्वागत, जिला कार्यालय में लेंगे महत्वपूर्ण बैठक, 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस पर घुमंतू सम्मेलन को करेंगे संबोधित

बृजेश चतुर्वेदी 

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के दो दिवसीय जनपद कन्नौज प्रवास को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष 14 नवंबर को जनपद पहुंचेंगे।

उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को शाम 5:00 बजे प्रेमपुर (छिबरामऊ) कट, जीटी रोड पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार एवं भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके उपरांत वह छिबरामऊ नगर में मृतक अधिवक्ता के परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। इसके बाद शाम 6:00 बजे भाजपा जिला कार्यालय कन्नौज में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में प्रतिभाग करेंगे।

जिलाध्यक्ष भदौरिया ने बताया कि प्रवास के दूसरे दिन 15 नवंबर को प्रातः 10:00 बजे बोर्डिंग ग्राउंड, कन्नौज में जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित घुमंतू सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे तथा विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण विभाग असीम अरुण, पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत, छिबरामऊ विधायक अर्चना पाण्डेय सहित जनपद के सभी जनप्रतिनिधि, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम जनमानस उपस्थित रहेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने जनपद के समस्त पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से दोनों दिवसों के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का जनपद आगमन संगठन को नई ऊर्जा और कार्यकर्ताओं को नई प्रेरणा प्रदान करेगा। जनजाति गौरव दिवस पर आयोजित घुमंतू सम्मेलन समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने तथा उनके सम्मान, अधिकार और उत्थान के संकल्प को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।