पात्र कार्डधारकों को गेहूं, चावल एवं मोटा अनाज उपलब्ध कराया जाएगा
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव मिश्रा ने अवगत कराया है कि आयुक्त, खाद्य तथा रसद विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत माह जून 2026 के सापेक्ष आवंटित खाद्यान्न एवं मोटा अनाज का निःशुल्क वितरण जनपद की समस्त उचित दर दुकानों पर दिनांक 25 मई से 10 जून तक कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत आच्छादित अन्त्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 14 किलोग्राम गेहूं, 16 किलोग्राम चावल तथा 05 किलोग्राम मोटा अनाज (बाजरा/मक्का उपलब्धता के अनुसार) सहित कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क वितरित किया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 2 किलोग्राम गेहूं, 1 किलोग्राम चावल तथा 2 किलोग्राम मोटा अनाज (बाजरा/मक्का उपलब्धता के अनुसार) सहित कुल 5 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। मोटे अनाज का स्टॉक समाप्त होने की स्थिति में शासनादेशानुसार उसके स्थान पर चावल वितरित किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि वितरण प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए ई-पॉस मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक राशन वितरण किया जाएगा। लाभार्थियों को मोबाइल ओटीपी के माध्यम से राशन प्राप्त करने की सुविधा दिनांक 10 जून 2026 को उपलब्ध रहेगी। साथ ही कार्डधारकों को पोर्टेबिलिटी व्यवस्था के अंतर्गत किसी भी उचित दर दुकान से खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा भी प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि वितरण व्यवस्था की निगरानी हेतु प्रत्येक उचित दर दुकान पर पर्यवेक्षक एवं नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि पात्र लाभार्थियों को सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके।
राशन वितरण से संबंधित किसी भी समस्या अथवा शिकायत के समाधान हेतु लाभार्थी संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त डिस्ट्रिक्ट कमांड नंबर 1077 पर भी संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

