बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। आगामी 25 मई को जेष्ठ मास के पावन अवसर पर आयोजित गंगा दशहरा स्नान पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा थाना कोतवाली कन्नौज क्षेत्र अंतर्गत मेंहदी घाट का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों एवं रूट डायवर्जन व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा घाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं के सुरक्षित स्नान एवं सुचारु आवागमन के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गंगा स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा दुर्घटना की संभावना को न्यूनतम रखने के उद्देश्य से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ फ्लड पीएसी एवं स्थानीय प्रशिक्षित गोताखोरों की ड्यूटी लगाई गई है, जिससे नदी क्षेत्र में सतत निगरानी रखी जा सके तथा आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित हो सके। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु खोया-पाया केंद्र स्थापित किया गया है तथा सम्पूर्ण मेला एवं स्नान क्षेत्र को सेक्टरवार विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है।
स्नान क्षेत्र में प्रवेश करने वाले मार्गों, प्रमुख स्थलों एवं संवेदनशील बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल एवं पीएसी की तैनाती सुनिश्चित की गई है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी हेतु सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र पर निरंतर नजर रखी जाएगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात, स्वच्छता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा पर्व को सकुशल, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (विo/राo) देवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव देवेदी, उप जिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री वैशाली, क्षेत्रधिकारी कुलवीर सिंह सहित अन्य संबधित अधिकारी उपस्थित रहे l

