कन्नौज: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिला डिजिटल सशक्तिकरण का उपहार

 स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम सम्पन्न

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।  बाल विकास परियोजना सौरिख के अंतर्गत आज ब्लॉक सभागार सौरिख में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के  राज्य मंत्री ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग कैलाश राजपूत द्वारा 100 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं 03 मुख्य सेविकाओं को स्मार्ट फोन वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण एवं डिजिटल भारत की अवधारणा को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां समाज के नौनिहालों एवं मातृशक्ति के स्वास्थ्य, पोषण और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। स्मार्ट फोन उपलब्ध होने से कार्यकत्रियों को विभागीय योजनाओं के संचालन, ऑनलाइन रिपोर्टिंग, पोषण ट्रैकिंग तथा शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में और अधिक सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं गति आएगी, जिससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुंचेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सरकार के इस प्रयास के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने कार्यों को और बेहतर ढंग से करने में सहायक बताया।

इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी, कर्मचारीगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।