फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। आवास विकास स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल सभागार में संयुक्त संघर्ष समिति का मंडलीय सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें मंडल भर से आए कर्मचारी व शिक्षक नेताओं ने भागीदारी की। सम्मेलन में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के साथ पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश संयोजक संजय मणि त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन दीपिका त्रिपाठी ने किया। सम्मेलन के दौरान संगठन को मजबूत बनाने और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा अहम विषय है और इसके लिए संघर्ष तेज किया जाएगा। सम्मेलन में सर्वसम्मति से प्रमोद दीक्षित को एक बार फिर जिले की कमान सौंपी गई। इस घोषणा पर उपस्थित कर्मचारियों और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रमोद दीक्षित ने संगठन के प्रति विश्वास जताने पर सभी का आभार व्यक्त करते हुए कर्मचारियों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में बाहर से आए अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कवियों और वक्ताओं ने एकजुट होकर संघर्ष करने का संदेश दिया। सम्मेलन में कानपुर, कानपुर देहात, कन्नौज, मैनपुरी, इटावा समेत मंडल के विभिन्न जनपदों से आए कर्मचारी नेताओं ने भाग लिया। सम्मेलन के सफल आयोजन में जिला संयोजक प्रवेश कटियार की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में कर्मचारियों की एकता और संगठन की मजबूती पर बल देते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

