बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत संचालित हाउस लिस्टिंग ब्लॉक कार्यों की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने दिए है। जनपद के सभी नगर निकायों में कुल 484 एचएलबी के सापेक्ष 48 एचएलबी में अभी कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। विशेष रूप से नगर पालिका परिषद कन्नौज की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों की समीक्षा में तहसीलों की कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। तहसील छिबरामऊ में कुल 1082 के सापेक्ष 146 एवं तहसील सदर कन्नौज में 717 के सापेक्ष 152 तथा तहसील तिर्वा में 786 के सापेक्ष 161 में कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, जिसपर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है।
जिलाधिकारी ने समस्त चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रारंभ कराया जाए तथा प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनगणना जैसा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें।
