कन्नौज: संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी.एड.-2026 नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी.एड.-2026 के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जनपद में यह परीक्षा के.के. इंटर कॉलेज, मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, पी.एस.एम. पी.जी. कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय, सेठ वासुदेव सहाय इंटर कॉलेज तथा सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित कुल 06 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में सकुशल सम्पन्न हुई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों, बायोमैट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम संचालन तथा परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा प्रत्येक स्तर पर सतर्कता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम से परीक्षा गतिविधियों की सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी सीसीटीवी कैमरों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने, परीक्षा कक्षों में अनधिकृत प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा अभ्यर्थियों के लिए अनुशासित, सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने बायोमैट्रिक उपस्थिति, उपस्थिति पत्रकों के सत्यापन, उत्तर पुस्तिकाओं के मिलान, सीलिंग एवं पैकिंग की प्रक्रिया को अत्यंत सावधानी एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन एवं जमा होने के उपरांत ही निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा विवाद की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी परीक्षा आयोजन प्रशासन की निष्पक्ष कार्यप्रणाली तथा अभ्यर्थियों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का परिचायक है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कहा कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखने हेतु सुरक्षा व्यवस्था को पूरी मुस्तैदी के साथ लागू किया गया है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्क रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनपद में संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी.एड.-2026 संपूर्ण सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।