कन्नौज : पूर्व सांसद ने लोकसभा कार्यालय पर सुनीं जन-समस्याएं

निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके सीधे जुड़ाव को प्राथमिकता देते हुए आज पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने लोकसभा कार्यालय, कन्नौज पर ‘जनता दर्शन’ का आयोजन किया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से आए बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याओं और शिकायतों को उनके समक्ष रखा।

​कार्यालय पहुंचे आम जनमानस ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, राजस्व और पुलिस प्रशासन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से पूर्व सांसद को अवगत कराया। सुब्रत पाठक जी ने बेहद संवेदनशीलता के साथ एक-एक करके सभी की शिकायतों को सुना और उनके प्रार्थना पत्र लिए।

​जनसुनवाई के दौरान कई गंभीर मामलों पर पूर्व सांसद ने मौके से ही संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देशित किया कि जनता की जायज समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

​”लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। अधिकारियों का यह नैतिक और प्रशासनिक दायित्व है कि वे आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। किसी भी पीड़ित को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

पूर्व सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी शिकायतें भेजी जा रही हैं, उन पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट से शिकायतकर्ता को भी अवगत कराया जाए।

जनसुनवाई के बाद उन्होंने उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं से भी क्षेत्र का फीडबैक लिया और उन्हें जनता के बीच रहकर लगातार सेवा करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर स्थानीय कार्यकर्ता रणवीर श्रीवास्तव, रामू कठेरिया, विवेक भदौरिया, प्रवेश सिंह वैश्य, सार्थक मिश्रा, अरविंद सिंह, विमल दुबे, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पाण्डेय समेत सभी जनप्रतिनिधि, प्रमुख समाज सेवी और भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।