यूपी चुनाव: इंडिया गठबंधन को रोकने के लिए 2027 में मिलकर लड़ेंगे ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ?

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) । यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए तीसरे मोर्चे की एंट्री हो गई। चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने यूपी चुनाव के लिए गठबंधन किया है। बताया जा रहा है कि इसकी आधिकारिक घोषणा कल लखनऊ में की जाएगी। गठबंधन की योजना प्रदेश में सपा के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन को सत्ता में आने से रोकने की है। यह गठबंधन 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना पर काम करेगा,जहां इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में है।
यूपी का चुनाव अभी तक भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए और सपा के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन के बीच माना जा रहा है पर औवैसी-चंद्रशेखर के दलों के गठबंधन के ऐलान के बाद राज्य में नये राजनीतिक समीकरण पैदा हो सकते हैं। इस नए मोर्चे में कुछ अन्य छोटे दल भी शामिल हो सकते हैं। इस गठबंधन के जरिये प्रदेश के दलितों और मुस्लिमों के 40 फीसदी वोटबैंक को एकजुट करने का प्रयास किया जा सकता है जिससे इंडिया गठबंधन के सामने चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं और भाजपा एक बार फिर तीसरी बार यूपी में सरकार बनाने की ओर बढ सकती है।