कन्नौज : एसडीएम सदर के व्यवहार से आहत ब्लॉक प्रमुख रामू कठेरिया धरने पर बैठे

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  सदर ब्लॉक प्रमुख रामू कठेरिया  एसडीएम सदर के खिलाफ तहसील परिसर में आज धरने पर बैठ गए। आरोप है कि एक फाइल से जुड़े मामले में मिलने पहुंचने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा गया। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि जब सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओ और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है तो आम लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। मामले को लेकर तहसील परिसर में धरना घण्टो जारी रहा।

सूचना पर पहुंचे बीजेपी जिलाध्यक्ष उन्हें समझा-बुझाकर कर कलेक्ट्रेट ले गए। जहां डीएम से मुलाकात कर एसडीएम के रवैये की शिकायत की। डीएम ने जांच करवाकर कार्यवाही का भरोसा दिया है।

बीजेपी नेता व सदर ब्लाक प्रमुख रामू कठेरिया धारा 80 से सम्बंधित अपनी एक फाइल लेकर मंगलवार दोपहर सदर तहसील पहुंचे। जहां उन्होंने एसडीएम सदर से उनके कार्यालय में मुलाकात की और फाइल दिखाते हुए आगे की कार्यवाही के लिए कहा। आरोप है कि मामले को सुने बिना ही एसडीएम ने उन्हें कुर्सी से उठने और कार्यालय से बाहर निकल जाने की हिदायत दे दी। उनके इस व्यवहार से नाराज होकर ब्लाक प्रमुख तहसील परिसर में ही पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गए।

डीएम ने जांच करवाने की बात कही

जैसे ही ये बात पार्टी के अन्य नेताओं व जिलाध्यक्ष वीरसिंह भदौरिया को पता चली तो कुछ ही देर में वह तहसील पहुंच गए। यहां उन्होंने ब्लाक प्रमुख रामू कठेरिया से बात की और पूरे मामले को समझा। जिसके बाद जिलाध्यक्ष उन्हें अपने साथ कलक्ट्रेट ले गए।

जहां डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री से मुलाकात की और एसडीएम वैशाली की शिकायत की। डीएम ने मामले की जांच करवा कर कार्यवाही भरोसा दिया है। उधर ब्लाक प्रमुख रामू कठेरिया का कहना है कि यदि 24 घण्टे में एसडीएम को न हटाया गया तो वह फिर धरना देंगे और आरपार की लड़ाई लड़ेंगे।

इस मामले को लेकर एसडीएम सदर ने बताया कि ब्लाक प्रमुख धारा 80 से सम्बंधित अपनी व्यक्तिगत फाइल लेकर आए थे। उन्होंने फाइल पर आदेश करने को बोला लेकिन तहसीलदार की रिपोर्ट नहीं लगी होने के कारण हमने उनको बोला कि जैसे ही तहसीलदार की

रिपोर्ट आ जायेगी, तुरन्त हम आदेश कर देंगे

लेकिन वह इस बात से सहमत नहीं थे और बिना रिपोर्ट ही आदेश करने की बात कह रहे थे। जिसे मना कर देने पर वह नाराज हो गए और धरने पर बैठ गए।

 बाद में तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार की लंबी मान मनौवल के बाद ब्लॉक प्रमुख यह शपथ लेकर धरना स्थल से उठकर चले गए कि वे एसडीएम सदर के तबादले तक तहसील परिसर में दुबारा कदम नही रखेंगे।