बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज :(आवाज न्यूज ब्यूरो)। यूपीएससी सिविल सर्विसेज में उप्र भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद में प्रशिक्षु डिप्टी एसपी मयंक मिश्रा ने 228वीं रैंक प्राप्त की है। मयंक मिश्रा मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा जिले की तहसील त्योथर के गांव कुनिया खुर्द के रहने वाले हैं। मयंक के पिता शारदा प्रसाद प्राइमरी स्कूल के शिक्षक हैं। वह बताते हैं कि सिविल सर्विसेज में सफलता का सफर पिताजी की प्रेरणा से तय किया।
नवोदय विद्यालय से 12वीं तक की पढ़ाई करने वाले मयंक ने 31 मई 2021 से पुलिस अकादमी में डिप्टी एसपी का प्रशिक्षण प्राप्त किया और फिर उन्हें अयोध्या जिला पुलिस में तैनात किया गया। कन्नौज स्थानांतरण से पहले वे अयोध्या में सीओ ट्रैफिक पद की कमान सम्हाल रहे थे।
मयंक चौथे प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा में सफल हुए हैं। इससे पहले वह सेंट्रल कमांडेंट सिक्योरिटी फोर्सिस आल इंडिया (सीआइएसफ) में पांचवी रैंक से पास हुए थे। जब इनका चयन यूपीपीएससी के माध्यम से उत्तर प्रदेश सेवा में डिप्टी एसपी के लिए हुआ तो सीआइएसएफ ज्वाइन नहीं किया। मयंक मिश्रा ने जवाहर नेहरू विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में मास्टर डिग्री हासिल की। एनआइटी भोपाल से बीटेक करने के बाद दो साल प्राइवेट जाब भी की थी।
