शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को छोड़कर बाकी सभी कमर्शियल संस्थानों को गैस की सप्लाई बंद : केजरीवाल

नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश में एलपीजी आपूर्ति को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को छोड़कर बाकी सभी कमर्शियल संस्थानों को गैस की सप्लाई बंद कर दी गई है और फिलहाल केवल घरेलू उपयोग के लिए गैस दी जा रही है। केजरीवाल ने यह बयान तब दिया जब पेट्रोलियम मंत्रालय की एक पोस्ट को उन्होंने रिपोस्ट करते हुए इस पर टिप्पणी की।
घरेलू गैस सिलेंडर कालाबजारी चरम पर
मौजूदा स्थिति से निबटने के लिए सरकार ने घरेलू खाना पकाने की गैस की बिना बाधा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) लागू किया है। उन्होंने रिफाइनरियों और पेट्रोकेमिकल इकाइयों को एलपीजी का उत्पादन अधिकतम करने और प्रमुख हाइड्रोकार्बन स्रोतों को एलपीजी पूल में मोडऩे का निर्देश दिया है। पूरे देश में गैस सिलेंडर का संकट खड़ा हो गया है और लोगों को गैस बुक कराने के बाद भी गैस नहीं मिल पा रही है।
वित्त मंत्री का ऐलान : नहीं पड़ेगा असर
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बताया कि खुदरा महंगाई दर पर कच्चे तेल की कीमतों में होने वाली भारी बढ़ोतरी का सीमित असर होगा। महंगाई दर अभी अपने निचले स्तर पर है जिससे कच्चे तेल के असर को सीमित करने में मदद मिलेगी। युद्ध की शुरुआत से पहले पिछले एक साल से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत में गिरावट हो रही थी। अभी जो महंगाई दर है, उससे तेल के दाम में बढ़ोतरी के असर को कम किया जा सकता है और अभी कच्चे तेल के दाम बढऩे से महंगाई पर पड़ने वाले प्रभाव का कोई आकलन नहीं किया गया है।