कन्नौज: डीएम ने रातोंरात बदल दिया पांच में चार डिप्टी कलेक्टर्स का प्रभार

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने देर रात एक आदेश जारी कर जिले के चार उप जिला मजिस्ट्रेट को बदल दिया। आईएएस अफसर वैशाली को तिर्वा तहसील का नया उप जिलाधिकारी बनाते हुए उनकी जगह नवनीता राय को कन्नौज सदर का एसडीएम नियुक्त किया है जबकि तिर्वा के एसडीएम राजेश कुमार को उसी तहसील में एसडीएम न्यायिक बनाया गया है। डिप्टी कलेक्टर रेशमा सहाय अब बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी के साथ साथ एसडीएम सदर (न्यायिक) का कामकाज भी देखेंगी।

सुश्री वैशाली सदर तहसील में एसडीएम के पद पर तैनात थीं। बीती 2 जून को जमीन से सम्बंधित धारा 80 की फाइल पर आदेश कराने के लिए पहुंचे बीजेपी के सदर ब्लाक प्रमुख रामू कठेरिया से उनकी तकरार हो गई थी। आरोप है कि एसडीएम ने उन्हें कुर्सी से उठने और कार्यालय से बाहर निकल जाने को बोल दिया। जिसके बाद गुस्साए ब्लाक प्रमुख उनके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तहसील परिसर में ही धरने पर बैठ गए।

इस मामले की जानकारी होने पर भाजपा जिलाध्यक्ष वीरसिंह भदौरिया वहां पहुंचे और ब्लाक प्रमुख को कलक्ट्रेट ले गए। जहां डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री से उन लोगों ने

एसडीएम की शिकायत करते हुए 24 घण्टे में कार्यवाही का अल्टीमेटम दिया। जिसके बाद डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने देर रात एसडीएम के तबादले का आदेश जारी कर दिया।

इससे पूर्व 26 मार्च की शाम शहर के रोमा स्मारक में राज्य सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर प्रशासन की ओर से कार्यक्रम रखा गया था। जिसमें समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण चीफगेस्ट थे। वह तय समय में कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे, लेकिन कोई अधिकारी उन्हें रिसीव करने नहीं पहुंचा।

आरोप है कि एसडीएम वैशाली ने भी डीएम को मंत्री के आने की सूचना नहीं दी। करीब 45 मिनट तक डीएम का इंतजार करने का बाद मंत्री असीम अरुण कार्यक्रम शुरू कराए बिना ही नाराज होकर चले गए थे। इस मामले में भी एसडीएम की गलती सामने आई थी किन्तु तब डीएम ने सारे मामले को रफा- दफा करने के लिए खुद पहल की थी और किसी तरह मंत्री से मिलकर मामला शांत कराया था।