बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने तथा उद्यमियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिला उद्योग बन्धु की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उद्यमियों एवं व्यापारियों ने उद्योग, आधारभूत सुविधाओं तथा विभागीय कार्यप्रणाली से संबंधित विभिन्न मुद्दों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने अवगत कराया कि उद्योग विभाग को प्रेषित पत्रों एवं शिकायतों पर अपेक्षित गति से कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे उद्यमियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि उद्यमियों की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा विभागीय कार्यशैली में सुधार लाकर उद्यमी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उद्यमियों द्वारा लाखन तिराहा से फूलमती मार्ग तथा लाखन तिराहा से कोतवाली तक की सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद कन्नौज को आवश्यक कार्यवाही कर उक्त मार्गों के निर्माण एवं सुधार कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमी एवं व्यापारी जनपद की आर्थिक प्रगति के प्रमुख आधार हैं। उनकी समस्याओं का निराकरण प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारी बन्धुओं को किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा उनके साथ संवेदनशीलता, सम्मान और सहृदयता के साथ व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने उद्यमियों से आह्वान किया कि इत्र पार्क में आवंटन हेतु उपलब्ध शेष भूखण्डों के लिए निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से शीघ्र आवेदन कर आवंटन प्रक्रिया पूर्ण करें, जिससे जनपद में नए निवेश को बढ़ावा मिल सके। जिलाधिकारी ने यह भी आश्वस्त किया कि उद्योग एवं निवेश से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है तथा औद्योगिक विकास के अनुकूल वातावरण तैयार करने हेतु हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास, उपायुक्त उद्योग प्रेमचन्द्र, समाज कल्याण मंत्री के प्रतिनिधि आर.एस. कठेरिया, द अतर एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन त्रिवेदी, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल कन्नौज के जिलाध्यक्ष राज शर्मा सहित जनपद के व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

