अब सड़कों पर नहीं दिखेंगे निराश्रित गोवंश, निराश्रित गोवंशो को पकड़ कर गोशालाओं किया जा रहा है संरक्षित
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जनपद में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण का अभियान जारी है। अब निराश्रित गोवंश किसान के खेतों एवं सड़कों पर नहीं दिखाई देंगे। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए एवं सड़कों को सुरक्षित व व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर विचरण कर रहे निराश्रित गोवंशों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित रूप से गोशालाओं में संरक्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज नगर पालिका कन्नौज क्षेत्र में संचालित अभियान के दौरान 4 निराश्रित गोवंशों को पकड़कर गोशाला में सुरक्षित पहुंचाया गया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सरदूल ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप निराश्रित गोवंशों के संरक्षण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य गोवंशों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के साथ-साथ सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना भी है। उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग एवं पंचायत विभाग व स्थानीय निकायों के सहयोग से निराश्रित गोवंशों को चिन्हित कर उन्हें गो आश्रय स्थलों और गोशालाओं में पहुंचाने की कार्रवाई नियमित रूप से की जा रही है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया जा सके। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनसामान्य से भी अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई निराश्रित गोवंश दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, जिससे उसे शीघ्र सुरक्षित गोशाला तक पहुंचाया जा सके।
