बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जिले के सीएमओ ऑफिस से एंटी करप्शन टीम ने कोल्डचेन प्रबन्धक को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। जिसके बाद टीम उसे सदर कोतवाली ले गई। जहां करीब 3 घण्टे की पूछताछ के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सीएमओ कार्यालय से एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार दोपहर कोल्डचेन मैनेजर इरशाद वेग पुत्र शहादत वेग को पकड़ लिया।
एंटी करप्शन टीम की छापेमारी से सीएमओ कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। यहां से टीम के सदस्य इरशाद वेग को पकड़ कर सदर कोतवाली ले गये। जहां कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह के कार्यालय में उससे पूछताछ की गई। करीब 3 घण्टे की पूछताछ के बाद टीम के सदस्यों ने रिपोर्ट दर्ज कराई और फिर इरशाद वेग को अपने साथ ले गए।
मामले को लेकर नवागंतुक सीएमओ डॉ. विकास चंद्रा ने बताया कि इरशाद वेग कोल्डचेन मैनेजर के पद पर था। उसका टेंडर 31 मार्च 2026 को खत्म हो चुका था, इसके बावजूद वह सीएमओ आफिस में आकर बैठ रहा था। उसके टेंडर का रिन्यूवल होना था, जोकि अभी नहीं हुआ है।
ये था पूरा मामला
एंटी करप्शन टीम के सदस्य ने बताया कि करीब 1 महीने पहले सीएमओ दफ्तर की टीम ने गुरसहायगंज के किदवई नगर मोहल्ले में राजू श्रीवास्तव के मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की थी। इसके बाद कार्यवाही की उसे नोटिस थमा दी गयी और कार्यालय में आकर मिलने को कहा गया। जब राजू श्रीवास्तव सीएमओ ऑफिस पहुंचा तो वहां छापामारी टीम के सदस्यों ने इरशाद वेग से मिलने के लिए उसको बोल दिया।
जब इरशाद से राजू ने मुलाकात की तो उसने मेडिकल स्टोर मामले में समझौता कराने के लिए 1 लाख रुपयों की डिमांड कर दी। इतने रुपये देने में असमर्थता जताने पर 50 हजार में सौदा तय कर लिया। जिसकी पहली किश्त के रूप में 10 हजार रुपये देने राजू आज वहां पहुंचे थे। रुपये लेते वक्त ही एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।

