कन्नौज: समाज कल्याण मंत्री ने संपूर्ण समाधान दिवस में सुनी समस्याएं, कराया निस्तारण

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की अध्यक्षता में आज तहसील सदर, कन्नौज के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं एवं शिकायतों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए उनके त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 142 प्रार्थना पत्र/संदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें से 12 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

इस अवसर पर मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जनता को सुशासन, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का समाधान निष्पक्षता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए।

उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन और जनता के मध्य सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच है, जिसके माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, समाज कल्याण एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने तथा पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर श्रीमती नवनीता राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।