कन्नौज: पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू, डीएम- एसपी ने रखी पैनी निगाह

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए बनाए गए केन्द्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलाइला शुरू हो गया। परीक्षा केंद्रों के बाहर सघन चेकिंग कर उन्हें प्रवेश दिया गया। इस दौरान केंद्रों पर पुलिस फोर्स तैनात रहा।

जिले में सोमवार से पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई, जोकि तीन दिनों तक दो-दो पालियों में कराई जाएगी। जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली में करीब 3696 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिसके लिए यहां सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थियों का केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया। सघन चेकिंग के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। केंद्रों के बाहर और भीतर पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षा केंद्रों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई।

शहर के शेखाना मोहल्ला स्थित मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज और मकरंद नगर स्थित गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज में पुरुषों की अपेक्षा महिला अभ्यर्थियों की खासी संख्या नजर आई। इन केंद्रों में प्रवेश देने से पहले महिला अभ्यर्थियों के कान की बाली और नोजपिन भी उतरवा दी गई। डीआईओएस पप्पू सिंह ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है और निष्पक्ष व शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत परीक्षा हेतु स्थापित किए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों, संचार व्यवस्था तथा परीक्षा केंद्रों से प्राप्त होने वाली सूचनाओं की सतत मॉनीटरिंग की व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों आला अफसर लगातार परीक्षा केंद्रों का भी जायजा लेते देखे गए।