ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन एवं बचाव उपायों के प्रति किया गया जागरूक
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत तहसील सदर अंतर्गत ग्राम कासिमपुर एवं कन्नौज कछोहा (जुकईया) में बाढ़ राहत चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में तहसीलदार सदर अवनीश कुमार सिंह, नमन तिवारी, प्रशिक्षु नायब तहसीलदार, सुश्री जय लक्ष्मी पाण्डेय, जिला आपदा विशेषज्ञ, क्षेत्रीय लेखपाल, ग्राम सचिव एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग कर ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव एवं आपदा प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
तहसीलदार सदर अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि जनपद प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्णतः सतर्क एवं तैयार है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी तथा आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करने हेतु व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में अफवाहों से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।
जिला आपदा विशेषज्ञ सुश्री जय लक्ष्मी पाण्डेय ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित स्थानों पर समय से पहुंचने, आवश्यक दस्तावेजों एवं उपयोगी वस्तुओं को सुरक्षित रखने, विद्युत उपकरणों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा आपदा की स्थिति में प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली राहत एवं पुनर्वास व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आपदा के समय उपयोगी संपर्क सूत्रों, आपातकालीन सहायता सेवाओं एवं विभिन्न सरकारी सहायता योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि आपदा प्रबंधन में जनसहभागिता एवं पूर्व तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन का उद्देश्य संभावित बाढ़ से जन-धन की हानि को न्यूनतम करना तथा प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक समयबद्ध राहत एवं सहायता पहुंचाना है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन के प्रति सहयोग का आश्वासन देते हुए आपदा संबंधी सुझावों एवं तैयारियों पर चर्चा की।
जनपद प्रशासन द्वारा संभावित बाढ़ की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने की कार्यवाही निरंतर जारी है।

