बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति बैठक सम्पन्न हुयी।
जिलाधिकारी ने समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का दायित्व है कि वे प्रत्येक मरीज के प्रति संवेदनशील, गंभीर एवं सतर्क रहें तथा गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने छिबरामऊ शहर व कन्नौज शहर की आभा आई डी की प्रगाति शून्य पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिये कि यदि किसी कार्मिकों की तैनाती नही तो तत्काल कर्मिक तैनात किया जाए। उन्होने कहा कि सभी कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों का माह मार्च, अप्रैल व मई का वेतन का यथाशीघ्र भुगतान किया जाए। कहा कि गर्भवती महिलाओं को निजी अस्पतालों में भर्ती कराने के लिए प्रेरित न करे। सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में पल्स पोलियो अभियान 28 जून 2026 से प्रारंभ होगा तथा 29 जून से 3 जुलाई तक घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, टेंपो स्टैंड, मेलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष टीमें तैनात कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए माइक्रोप्लान अवश्य बनाया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 विकास चंद्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
