‘इंडिया’ गठबंधन को लेकर स्थिति कर दी साफ
लखनऊ।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक दल अपनी अपनी तैयारी में जुटे हुए हैं। इस बीच यूपी की राजनीति में एआईएमआईएम ने अपनी भूमिका को बढ़ाने कोशिश तेज कर दी है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी लगातार यूपी के राजनीतिक मैदान में अपने प्रभाव को बढ़ाने और विपक्षी एकजुटता की बात करते दिख रहे हैं। इसको लेकर कांग्रेस-समाजवादी पार्टी के ‘इंडिया’ गठबंधन के स्वरूप में बदलाव की चर्चा शुरू हो गई थी। हालांकि, अब अखिलेश यादव ने इस मामले में साफ कर दिया है कि गठबंधन के स्वरूप में कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि लोकसभा चुनाव 2024 की तरह ही यूपी चुनाव 2027 में भी ‘इंडिया’ गठबंधन अपने स्वरूप के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ हमला बोला है।
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने साफ कहा है कि जो ‘इंडिया’ गठबंधन था, वही गठबंधन बना रहेगा। इस गठबंधन ने अभी-अभी भाजपा को हराया है। उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को लेकर कहा कि ऐसे कई लोग आएंगे और कई रुकावटें आएंगी। ऐसे सभी लोग भाजपा को फायदा पहुंचाना चाहते हैं।
अखिलेश यादव ने बहराइच में असदुद्दीन ओवैसी के विपक्षी दलों के एकजुट होने के मामले में कहा कि आज भंडारे के दिन आप राजनीति से जुड़े सवाल पूछ रहे हैं। हमने तो अभी-अभी भाजपा को हराया है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि देखिए, कैसे लोग निकल पड़े हैं। ऐसी और ताकतें आएंगी।
भाजपा को लाभ पहुंचाने की बात
अखिलेश यादव ने बिना ओवैसी का नाम लिए कहा कि बहुत से लोग आएंगे, जो भारतीय जनता पार्टी को लाभ पहुंचाना चाहते हैं। अभी-अभी बीजेपी हारी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मरता क्या न करता। सपा अध्यक्ष ने कहा कि कोई भी कारोबार करने वाला, जिसके पास जमीन पर ताकत नहीं है, वह भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकता है। अखिलेश यादव ने अपने बयान से साफ कर दिया है कि ‘इंडिया’ गठबंधन में ओवैसी की एंट्री मुश्किल है। अखिलेश यादव एक बार फिर ओवैसी पर भाजपा के सहयोग का आरोप बिना नाम लगाते दिख रहे हैं। वहीं, प्रदेश की राजनीति में विपक्ष की एकजुटता जैसी स्थिति बनती अभी नहीं दिख पा रही है।
फिर सक्रिय होंगी भाजपा को लाभ पहुंचाने वाली ताकतें: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी पर साधा निशाना

