आरएसएस जिला प्रचारक की बाइक चेक करने पर चौकी इंचार्ज सहित चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। बीती शाम 6ः30 बजे सड़क सुरक्षा नियमों के तहत चल रही वाहन चेकिंग के दौरान आरएसएस के जिला प्रचारक की बाइक रोकना रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुशवाहा और तीन पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। मामले में चौकी इंचार्ज कपिल कुशवाहा समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
बिना हेलमेट जा रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के जिला प्रचारक को पुलिस ने रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन रोकने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और मामला बढ़ गया। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने वाहन की जांच के बाद बाइक को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। शिकायत किए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुशवाहा, सिपाही अनुज कुमार तथा रिक्रूट आरक्षी अजय सिंह और विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।