मक्का की सरकारी खरीद शीघ्र शुरू न हुई तो होगा आंदोलन: अशोक कटियार

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जिले में किसानों से सरकार ने 24सौ रूपया कुंतल की दर से 15जून से 31जुलाई तक मक्का खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। लेकिन अभी तक सरकारी खरीद शुरू नहीं हो सकी। जिसके चलते कीरतपुर के प्रशांत कटियार,नगला अमृत के सतीश कुमार सहित कई किसान सरकारी खरीद केंद्र सातनपुर मंडी पहुंचे। किसानों की मक्का खरीद न होने पर इसकी शिकायत किसान नेता तथा आलू विपणन सहकारी संघ के निदेशक अशोक कटियार से की। शिकायत पर अशोक कटियार सातनपुर मंडी खरीद केंद्र पर पहुंचे। यहां केंद्र प्रभारी संतोष यादव सुबह 11बजे तक मौजूद नहीं थे। उनका मोबाइल नंबर भी बंद जा रहा था। जिस पर किसानो ने हंगामा किया तब अशोक कटियार ने रोली सिंह से फोन पर बात की। उन्होंने बताया कि अभी तक एन आई सी से खरीद केंद्र विधिवत अपलोड नहीं है। जिस पर श्री कटियार ने नाराजगी जताई। उन्होंने तीन दिन बाद भी मक्का खरीद शुरू न होने की शिकायत मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी एनकेएस चौहान से की। श्री चौहान ने जिलाधिकारी से वार्ता कर मक्का खरीद शीघ्र ही शुरू कराने का आश्वासन दिया।
श्री कटियार ने कहा कि योगी सरकार की योजनाओ को अधिकारी पलीता लगा रहे हैं और किसानों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। किसान सस्ते में मक्का आदि बेंचने पर मजबूर हैं, सरकार की छवि खराब हो रही है। उन्होंने जांच करा कर सरकारी लाभ से किसानों को बंचित करने के दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों पर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की। किसानों ने कहा कि यदि शीघ्र सरकारी मक्का खरीद शुरू नहीं हुई तो धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा।