कन्नौज: सड़कों पर मक्का सुखा रहे किसानो को एआरटीओ ने समझाया, हटवाई फसल

 हादसों का हवाला देकर दी हिदायत

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज (आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जिले में सड़कों पर मक्का सुखाने वाले किसानों के खिलाफ शनिवार को एआरटीओ टीम ने कार्रवाई की। टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन पर फैली मक्का को हटवाया। यह कार्रवाई दोपहिया वाहन चालकों को हो रही दिक्कतों और सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए की गई।

जिले में इन दिनों मक्का की फसल की कटाई चल रही है। किसान फसल सुखाने के लिए इसे सड़कों पर फैला रहे हैं। इससे जिले भर की सड़कें मक्का से पटी पड़ी हैं। वाहनों को मक्का से बचाने के लिए किसानों ने सड़क के बीचों-बीच ईंट और पत्थर भी रख दिए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क पर मक्का सुखाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एआरटीओ इज्या तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने जसौली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन पर मक्का सुखा रहे किसानों से बात की। एआरटीओ ने किसानों को मक्का के कारण होने वाले हादसों के बारे में बताया और उन्हें सड़क से मक्का हटाने की हिदायत दी। इसके बाद किसानों ने सड़क से मक्का समेटना शुरू कर दिया।

एआरटीओ इज्या तिवारी ने बताया कि उन्होंने किसानों को सड़क से मक्का हटाने के लिए कहा है। उन्होंने किसानों को समझाया कि सड़क पर मक्का फैलाने से गंभीर हादसे हो सकते हैं, जिनमें लोगों की जान भी जा सकती है। किसानों ने इन बातों को सुनने के बाद मक्का हटाने पर सहमति जताई। एआरटीओ ने यह भी बताया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान चलाकर सड़कों को खाली कराया जाएगा।