कन्नौज: डीएम-एसपी ने लोहिया पार्क में किया श्रमदान कर चलाया स्वच्छता अभियान

 बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान के क्रम में आज जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा लोहिया पार्क, कन्नौज में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा पार्क परिसर में साफ-सफाई करते हुए उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। स्वच्छ वातावरण से न केवल स्वास्थ्य लाभ प्राप्त होता है, बल्कि समाज में सकारात्मकता एवं अनुशासन की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने सभी लोगों से अपने घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थाना, चौकी एवं विभिन्न शाखाओं में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण द्वारा भी अपने-अपने कार्यालय परिसरों, थाना परिसर, बैरक, आवासीय परिसर एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया गया। इस दौरान कूड़ा-कचरा एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण कराया गया तथा स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

जनपद पुलिस के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का संकल्प लिया। स्वच्छता अभियान के माध्यम से आमजन को स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु प्रेरित करने का प्रयास किया गया।