कन्नौज: “नया स्वाद–बेहतर पोषण” अभियान से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मिलेगी नई मजबूती: डीपीओ 

 कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में बड़ा कदम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और कुपोषण उन्मूलन के उद्देश्य से प्रारंभ की गई नई टीएचआर (टेक होम राशन) रेसिपी “नया स्वाद–बेहतर पोषण” जनपद में प्रभावी रूप से लागू की जा रही है। इस पहल के तहत अब गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा विभिन्न श्रेणी के बच्चों को उनकी आयु एवं पोषण संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप श्रेणीवार संतुलित एवं गुणवत्तापूर्ण पोषण सामग्री उपलब्ध कराए जाने की कवायद प्रारंभ कर दी गई है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने जागरूकता के लिए विभाग की ओर से एक पम्फलेट जारी करते हुए बताया कि नई टीएचआर रेसिपी के अंतर्गत 01 गर्भवती एवं धात्री महिला, 03 सामान्य श्रेणी के बच्चे तथा 03 अल्पोषित (कुपोषित) बच्चों के लिए अलग-अलग पोषण मानकों के अनुरूप कैलोरी, प्रोटीन, नमक, चीनी, आयरन, कैल्शियम, जिंक, विटामिन-ए, फोलेट, विटामिन-बी6 एवं विटामिन-बी12 सहित आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्वों से युक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। पूर्व में यह व्यवस्था केवल चार श्रेणियों तक सीमित थी, जबकि नई व्यवस्था में लाभार्थियों की आवश्यकताओं को अधिक वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण से शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि यह पहल केवल खाद्यान्न वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि मातृ एवं शिशु कुपोषण की रोकथाम, बच्चों की शारीरिक एवं मानसिक वृद्धि, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि तथा सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से लाभार्थियों को पोषण सामग्री के उपयोग, संतुलित आहार एवं स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।