कन्नौज: सड़क पर मक्का सुखाना जानलेवा

सुरक्षित स्थानों पर करें फसल का भंडारण एवं सुखाने का कार्य : एआरटीओ

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुश्री इज्या तिवारी ने बताया कि जनपद कन्नौज में खरीफ (मक्का) की फसल का उत्पादन बड़े पैमाने पर किया जाता है। प्रतिवर्ष अनेक किसान भाई मक्का को सुखाने के लिए मुख्य सड़क मार्गों पर फसल फैलाते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है तथा यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। सड़क पर फैली मक्का के कारण दोपहिया एवं चारपहिया वाहन फिसलने, अचानक ब्रेक लगने तथा दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाओं का खतरा बना रहता है।

जिलाधिकारी के निर्देशन में परिवहन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जनपद के प्रमुख मार्गों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत अधिकारियों द्वारा किसान भाइयों से संवाद स्थापित कर उन्हें सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया जा रहा है तथा सड़क पर फैलाई गई मक्का को हटवाकर सुरक्षित एवं वैकल्पिक स्थानों पर सुखाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज मलिकपुर-सिंहपुर मार्ग पर प्राप्त शिकायतों के दृष्टिगत संयुक्त टीम द्वारा सड़क पर सूख रही मक्का को हटवाया गया तथा संबंधित किसानों को भविष्य में सड़क पर मक्का न सुखाने की सलाह दी गई। इसके अतिरिक्त जसौली मार्ग पर भी सड़क पर फैलाई गई मक्का को हटवाकर किसानों को जागरूक किया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने जनपद के समस्त किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपनी फसल को सड़क पर न फैलाएं और खुले मैदान, खलिहान अथवा अन्य सुरक्षित स्थानों पर ही मक्का सुखाने का कार्य करें। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। थोड़ी-सी सावधानी अनेक अनमोल जीवन बचा सकती है।