कन्नौज: गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई

  मेहंदीघाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। गंगा दशहरा पर आज मेहंदीघाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान औरैया, कानपुर देहात, इटावा, जालौन और मैनपुरी सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए पहुंचे।

सुबह तड़के से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने मंत्रोच्चारण के साथ गंगा स्नान किया और फिर घाट किनारे स्थित मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरित किया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह स्टॉल लगाकर शर्बत का भी वितरण किया गया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने पुलिस बल के साथ घाट का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

जिला प्रशासन ने बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती और जल पुलिस की मौजूदगी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल को सतर्क और भ्रमणशील रहकर ड्यूटी करने तथा भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने पर जोर  दिया। घाट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही थी। इसके अतिरिक्त, ड्रोन कैमरों और सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे ताकि अराजक तत्वों पर नजर रखी जा सके। बड़े वाहनों को गंगा रोड पर प्रवेश नहीं दिया गया और भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्ट किया गया, जो देर शाम तक लागू रहा।