बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। मेरा युवा भारत एवं जिला पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 5 दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम हेरिटेज वॉक एवं पांडुलिपि डिजिटाइजेशन का समापन राजकीय संग्रहालय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कन्नौज की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों से परिचित कराना तथा पांडुलिपि संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी, पर्यटन विभाग के सीएम फेलो एवं पर्यटन विशेषज्ञ नमन दुआ तथा संग्रहालयाध्यक्ष राम प्रकाश यादव उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी युवाओं को अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित न रखकर उन्हें वास्तविक ऐतिहासिक स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों एवं संग्रहालयों से जोड़ना है। बीते पांच दिनों में प्रतिभागियों ने जयचंद किला, बाबा गौरीशंकर मंदिर, बाला पीर, आल्हा-ऊदल टीला, विश्वनाथ मंदिर, बावन खंभा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर उनकी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं का अध्ययन किया। साथ ही पांडुलिपियों के संरक्षण, दस्तावेजीकरण एवं डिजिटाइजेशन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्राप्त की।
संग्रहालयाध्यक्ष राम प्रकाश यादव ने युवाओं को सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया तथा दुर्लभ पांडुलिपियों एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं नमन दुआ ने युवाओं को स्थानीय धरोहरों के महत्व को समझने तथा उनके संरक्षण हेतु जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने कहा कि मेरा युवा भारत युवाओं को विभिन्न विभागों के साथ जोड़कर अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से व्यवहारिक ज्ञान उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है, जिससे युवाओं का समग्र व्यक्तित्व विकास हो सके।
समापन सत्र के दौरान सभी प्रतिभागियों से कार्यक्रम के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया गया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक, रोचक एवं उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता व्यक्त की।
कार्यक्रम में नमन कुमार, अंश शुक्ला, शालिनी मिश्रा, ज्योति ठाकुर, सचिन कुमार, विकास कुमार, शिवम सक्सेना, अंजली श्रीवास्तव, नीलेश कुमार एवं रुद्र प्रताप सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने कन्नौज की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

