बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो): प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “स्कूल चलो अभियान” के द्वितीय चरण के अंतर्गत गुरुवार को नगर क्षेत्र के कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय, सरायमीरा, कन्नौज में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को नगर शिक्षा अधिकारी आनन्द द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में स्कूली बच्चों ने हाथों में शिक्षा संबंधी प्रेरक स्लोगन एवं तख्तियां लेकर नगर क्षेत्र में भ्रमण किया। “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल ज़रूर जाएंगे”, “बेटा-बेटी एक समान, शिक्षा है सबका अधिकार” तथा “हर बच्चा स्कूल जाए, तभी देश आगे बढ़ पाए” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बच्चों ने अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन निकटतम परिषदीय विद्यालय में कराने की भावपूर्ण अपील की।
इस अवसर पर नगर शिक्षा अधिकारी आनन्द द्विवेदी ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों, विशेषकर बालिकाओं, का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजें, जिससे कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूनम कुमारी एवं समस्त शिक्षिकाओं ने घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन तथा अन्य छात्रहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराकर उन्हें नियमित रूप से शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित करें।
रैली के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि शिक्षित समाज ही सशक्त समाज का निर्माण करता है तथा प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

