कन्नौज: स्वास्थ्य विभाग बच्चों को पिलाने वाले पोलियो ड्रॉप के मामले में कर रहा मनमानी

बंद अस्पताल में लावारिस रखे पोलियो ड्रॉप के बॉक्स

बृजेश चतुर्वेदी

गुरसहायगंज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो) स्वास्थ्य विभाग बच्चों को पिलाने वाले पोलियो ड्राप के मामले में कितना सजग है इसका नमूना बुधवार को देखने को मिला है। बंद पड़े अस्पताल परिसर में पोलियो ड्राप के बॉक्स लावारिस रखे रहे।

स्वास्थ्य विभाग चाहे अस्पताल में मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी सेवा हो या इसके अलावा राष्ट्रीय अभियान से जुड़ी पल्स पोलियो अभियान की व्यवस्था हो वह अपनी लापरवाही दिखाने में बाज नहीं आ रहा है। पल्स पोलियो अभियान के लिए अधिकारी जहां पूरी तरह से सजगता बरत रहे हैं तो वहीं कर्मचारी इसको लेकर लापरवाह है। बुधवार की दोपहर कस्बा के मुख्य चौराहे के निकट बंद पड़े प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में करीब एक दर्जन पोलियो ड्राप के बॉक्स लावारिस हालत में रखे हुए थे। यहां पर मौजूद आंगनबाड़ी कमलेश कुमारी और वॉलंटियर अनीता ने बताया कि सुबह तालग्राम सीएचसी से गाड़ी आती है और बॉक्स यहीं पर उतार कर चली जाती है। बॉक्स पर लिखे मोहल्ले के अनुसार लोग अपने अपने बॉक्स लेकर चले जाते हैं। इसके बाद काम समाप्त होने पर

बॉक्स को यहीं रख दिया जाता है। शाम को तालग्राम से गाड़ी आती है और उन्हें ले जाती है। इस बीच उनकी रखवाली कौन करता है इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। डब्ल्यूएचओ के देवेंद्र तिवारी का कहना है कि बॉक्स की रखवाली जच्चा बच्चा केंद्र पर तैनात एएनएम करती है। जब एएनएम से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि बॉक्स देखने की जिम्मेदारी मेरी नहीं है। पल्स पोलियो जैसे राष्ट्रीय अभियान में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी की लापरवाही से विभाग को शर्मिंदगी उठानी पड़ रही है। लावारिस पड़े बॉक्स को कौन उठा ले जाए या कोई जानवर क्षतिग्रस्त कर दे इसकी किसी को कोई चिंता नहीं है।