फर्रुखाबाद (आवाज न्यूज़ ब्यूरो): जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 31,560 अभ्यर्थी पांच पालियों में परीक्षा देंगे। पहले दिन सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लग गईं। सघन तलाशी, बायोमेट्रिक सत्यापन और दस्तावेजों की जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा को नकल विहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। गुरुवार सुबह अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। सुबह 6ः30 बजे से परीक्षार्थियों का आना शुरू हो गया, जबकि सुबह 7ः15 बजे से 8ः45 बजे तक उन्हें लाइनवार प्रवेश दिया गया। प्रत्येक प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों ने प्रारंभिक जांच की। इसके बाद मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। प्रवेश पत्र पर लगे फोटो का मिलान करने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति दी गई। परीक्षा केंद्रों पर महिला अभ्यर्थियों की भी निर्धारित मानकों के अनुसार जांच की गई। उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले अंगूठी, कान की बालियां और अन्य धातु की वस्तुएं उतारने के लिए कहा गया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया। टीईटी परीक्षा में शामिल होने के लिए हरदोई, कानपुर, इटावा, औरैया, मैनपुरी सहित आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी फर्रुखाबाद पहुंचे हैं। कई परीक्षार्थी देर रात ही शहर पहुंच गए थे। कुछ अभ्यर्थियों ने रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर रात बिताई, ताकि समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें। शहर और कमालगंज क्षेत्र के कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर प्रत्येक पाली में 6,312 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9ः30 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2ः30 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित हो रही है।
परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
जिले में 19 केंद्रों पर शुरू हुई टीईटी परीक्षा: तीन दिन में शामिल होंगे 31,560 अभ्यर्थी

