कन्नौज: अब जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में होंगे कुल 1531 मतदेय स्थल

पहले थे 1598, समायोजन और संभाजन के बाद सूची जारी 

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)  भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केन्द्रों/मतदेय स्थलों के सम्भाजन की कार्यवाही के अंतर्गत जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार बैठक सम्पन्न हुई।  बैठक में प्राप्त सुझावों एवं निर्धारित मानकों के आधार पर 42-कन्नौज संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 196-छिबरामऊ, 197-तिर्वा एवं 198-कन्नौज (अ०जा०) के मतदान केन्द्रों/मतदेय स्थलों की आलेख्य (ड्राफ्ट) सूची का प्रकाशन आज दिनांक 04 जुलाई को किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सम्भाजन एवं समायोजन की प्रक्रिया के उपरांत 196-छिबरामऊ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में वर्तमान 579 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 02 नए मतदेय स्थलों का सम्भाजन, 41 मतदेय स्थलों का समायोजन तथा 04 मतदेय स्थलों का भवन परिवर्तन किए जाने के उपरांत कुल 540 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। इसी प्रकार 197-तिर्वा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में वर्तमान 505 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 03 नए मतदेय स्थलों का सम्भाजन, 15 मतदेय स्थलों का समायोजन तथा 02 मतदेय स्थलों का भवन परिवर्तन किए जाने के उपरांत कुल 493 मतदेय स्थल प्रस्तावित हैं। वहीं 198-कन्नौज (अ०जा०) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में वर्तमान 514 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 03 नए मतदेय स्थलों का सम्भाजन तथा 19 मतदेय स्थलों का समायोजन किए जाने के उपरांत कुल 498 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। इस प्रकार जनपद में पूर्व के कुल 1598 मतदेय स्थलों के स्थान पर सम्भाजन, समायोजन एवं भवन परिवर्तन की कार्यवाही पूर्ण होने के उपरांत कुल 1531 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनसामान्य एवं जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की है कि यदि आलेख्य प्रकाशित मतदान केन्द्रों/मतदेय स्थलों की सूची के संबंध में कोई आपत्ति अथवा सुझाव हो तो उसे 10 जुलाई  तक संबंधित उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन अधिकारी, कन्नौज के कार्यालय में लिखित रूप से प्रस्तुत किया जा सकता है। मतदान केन्द्रों/मतदेय स्थलों की आलेख्य (ड्राफ्ट) सूची जनपद की आधिकारिक वेबसाइट https://kannauj.nic.in/booth-list/ पर भी अवलोकन हेतु उपलब्ध है।

बैठक में उप जिल निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बिनीत कटियार सहित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहें।