कन्नौज : थाना समाधान दिवस में डीएम – एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं

समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। जनसुनवाई को प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने थाना ठठिया में आयोजित थाना समाधान दिवस में सहभागिता कर फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समाधान संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि भूमि विवाद, राजस्व एवं पुलिस से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे तथा शिकायतों का स्थायी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा पीड़ित व्यक्ति को त्वरित न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायती प्रार्थना-पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा भी की जाए, जिससे आमजन का पुलिस एवं प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना ठठिया परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।