बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। आज अध्यक्ष नगर पंचायत मोहसिन खान (जानू) एवं तालग्राम कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज राजेश कुमार के कुशल मार्गदर्शन में “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” के अंतर्गत नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर वृहद वृक्षारोपण अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
अभियान का उद्देश्य नगर में हरित आवरण को बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना तथा नागरिकों को वृक्षों के महत्व एवं उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के छाया एवं फलदार एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण किया गया तथा उनके नियमित संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लिया गया।
अध्यक्ष एवं समस्त सभसादो ने उपस्थित सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा माँ के नाम एवं एक पौधा देश के नाम अवश्य लगाए तथा उसकी देखभाल भी अपने परिवार के सदस्य की तरह करे। माननीय अध्यक्ष महोदय ने कहा कि स्वच्छ एवं हरित वातावरण स्वस्थ जीवन की आधारशिला है और नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर सभासदगण, उमेश कुमार, राजेश शर्मा, नरेंद्र शाक्य, पंकज ठाकुर, डॉ अजीत यादव, अरशद, कादिर मंसूरी, राशिद अंसारी आदि एवं वरिष्ठ लिपिक दीपक सविता, गोकरन सिंह, अनुज कुमार,राजू खान, रामजी, प्रशांत कुमार, रामबेदी शर्मा, संतराम सफाई नायक, अनमोल कुमार, वीरेंद्र कुमार, आदि कर्मचारीगढ़ एवं आईसी टीम, तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।

