बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने आज जनपद के उमर्दा वन ब्लॉक में आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत पर्यावरण एवं विशिष्ट वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।
ऊर्जा मंत्री कैलाश राजपूत द्वारा पाकड़, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य द्वारा पीपल , जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री द्वारा ढ़ाक, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा ऑवला एवं जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया के द्वारा ढाक के पौधो का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण की शपथ दिलाई। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आमजन को ग्राफ्टेड पौधों का वितरण भी किया गया ताकि जनसहभागिता के माध्यम से वृक्षारोपण अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान किया जा सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ गोमती देवी गर्ल्स इण्टर कालेज की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं वंदना गीत की मनमोहक प्रस्तुति से हुआ, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
अपने संबोधन में राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट एवं लगातार गिरते भूजल स्तर को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक वृक्ष लगाए तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प ले। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी को निर्देशित किया कि विधानसभा क्षेत्र में लगाए जा रहे पौधों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे समय-समय पर उनकी सुरक्षा एवं जीवित रहने की स्थिति का सत्यापन किया जा सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान प्रत्येक व्यक्ति के लिए भावनात्मक एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। जिनकी माताएं दिवंगत हो चुकी हैं वे उनकी स्मृति में तथा जिनकी माताएं जीवित हैं वे उनके सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाएं। जिस प्रकार मां जीवन देती है, उसी प्रकार वृक्ष हमें स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु एवं स्वस्थ जीवन प्रदान करते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि सभी नागरिकों को आज ली गई शपथ का पालन करते हुए एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी स्वयं निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनपद में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण का कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जा रहा है।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जन का महाअभियान बन चुका है। उन्होंने बताया कि जनपद में आज अमृत सरोवरों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य चिन्हित क्षेत्रों में लगभग 39 लाख पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उनका संरक्षण उससे भी अधिक आवश्यक है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को सक्रिय सहभागिता निभानी होगी।
प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत कुमार सेठ ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बताया कि उमर्दा वन ब्लॉक में लगभग 10 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 25 हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है। जनपद में कुल 3880500 पौधों का रोपण वन विभाग एवं अन्य विभाग द्वारा आज किया जा रहा है। इन सभी विभागों द्वारा रोपित किये जा रहे पौधों तथा पूर्व वर्षों में रोपित किए गए पौधों की देखभाल सिंचाई इत्यादि की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम का संचालन आशुतोष दुबे द्वारा किया गया। कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय जन प्रतिनिधियों, स्थानीय विद्यार्थियों, ग्रामीण स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, एन0जी0ओ0 तथा सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों इत्यादि ने मिलकर सामूहिक रूप से पाकड़, नीम, ढाक,जामुन,कंजी, बेर, देशी बबूल,अर्जून इत्यादि के पौधे रोपित किए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी विकास चन्द्रा, ब्लॉक प्रमुख अजय वर्मा, उपाध्यक्ष श्यामू राजपूत, महामंत्री शैलेन्द्र द्विवेदी, डीसी एनआरएलएम राजकुमार लोधी, डीसी मनरेगा दिनेश यादव तथा सिविल डिफेन्स के चीफ वार्डेन प्रवीण टंडन सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

