कन्नौज में स्वागत के बाद संगठन की बैठक।
बूथ स्तर तक मजबूती पर जोर
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश सचिव महेंद्र निम दोहरे का मंगलवार को नसरापुर स्थित जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
उसके बाद आयोजित संगठनात्मक बैठक में उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से मंथन किया और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। सपा नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी चुनाव की घोषणा का इंतजार नहीं कर रही, बल्कि अभी से पूरी ताकत के साथ जनता के बीच पहुंचकर संगठन को मजबूत करने में जुटी है।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने जनपद की तीनों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव महेंद्र निम दोहरे ने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के तहत कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को समाजवादी पार्टी की नीतियों, पूर्व सपा सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार के समय कन्नौज में जिन विकास परियोजनाओं की शुरुआत हुई थी, उनमें से कई आज भी अधूरी पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में सपा की सरकार बनने पर ऐसे सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश सचिव महेन्द्र निम दोहरे ने कहा कि चुनाव जब भी होंगे, समाजवादी पार्टी पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, “साइकिल ही हमारा प्रत्याशी है।” पंचायत चुनाव टाले जाने के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनता के बीच जाने से डर रही है, इसलिए चुनाव कराने से बच रही है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों, एक्सप्रेसवे सहित विभिन्न मुद्दों पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि भाजपा के नेता लगातार सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ अमर्यादित बयान देते हैं, लेकिन बाद में उन्हें माफी मांगनी पड़ती है।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष कलीम खान, वरिष्ठ सपा नेता जयकुमार तिवारी “बऊअन ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर चंदा और अन्य मुद्दों को लेकर भाजपा की आलोचना की तथा कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की विचारधारा को मजबूती से रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सचिव का जोरदार स्वागत किया। बैठक के दौरान संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई इस दौरान कार्यक्रम में पूर्व प्रत्याशी अनिल पाल, राम शंकर लोधी राष्ट्रीय सचिव, हसीब हसन प्रदेश उपाध्यक्ष सयुस, यश दोहरे अंशुल, दिगम्बर सिंह यादव, बंटी शर्मा, हुकुम सिंह यादव, शशिमा सिंह दोहरे, अंगूरी दहाड़िया, सरोजनी कुशवाहा, अरुण यादव एडवोकेट, भोले कुरैशी, विनोद यादव, बबल प्रधान, इंद्रेश यादव, नेम सिंह यादव, कौशर खा, विवेक पाल, आनंद बाबू यादव, शकील अहमद एडवोकेट, राजू यादव, अरुण शर्मा, ऋषभ गुप्ता, मनी गुप्ता, अर्चना मिश्रा, कुसुम यादव, शिवम सिंह जाटव, चंद्रभान दोहरे, बजरंग सिंह चौहान, कमलेश कटियार, राजेश पाल,अंशू पाल, सत्येंद्र दोहरे जिला पंचायत, शिब्बू तिवारी, आसिफ हुसैन सभासद, नितिन यादव, अजय कश्यप, कल्लू पाल, गुफरान अहमद, सद्दाम साबरी, टिंकू पाल, आशीष यादव, सुधीर कश्यप, यशवीर भदौरिया, कल्लू हारून आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

