बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के तत्वावधान में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास ने दीप प्रज्ज्वलित एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने आईटीआई एवं कौशल विकास विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रशिक्षार्थियों के नवाचारों और तकनीकी दक्षता की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन एमआईएस मैनेजर मुकेश श्रीवास्तव ने किया तथा विश्व युवा कौशल दिवस के महत्व एवं कार्यक्रम की रूपरेखा से सभी को अवगत कराया। जिला समन्वयक, कौशल विकास द्वारा मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया, जबकि आईटीआई के प्रशिक्षार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए कहा कि कौशल आधारित शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल का निरंतर विकास करते हुए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
रोजगार मेले में राजकीय एवं निजी आईटीआई तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के विभिन्न पाठ्यक्रमों से उत्तीर्ण 529 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न क्षेत्रों की 09 प्रतिष्ठित कंपनियों ने साक्षात्कार आयोजित किए, जिनमें 137 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह एवं हर्ष का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक एवं नोडल प्रधानाचार्य अनुज कुमार मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास कर रही है। उद्योगों एवं प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रोजगार मेला सरकार की इसी दूरदर्शी सोच का सशक्त उदाहरण है। इस अवसर पर सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
उपायुक्त उद्योग एवं स्वतः रोजगार अधिकारी राजकुमार लोधी ने युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला रोजगार सहायता अधिकारी अपूर्वा दुबे ने सभी अतिथियों, कंपनियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाचार्य अनूप श्रीवास्तव (तिर्वा), शशिकांत मिश्र (डीपीएम, डीडीयू-जीकेवाई) सहित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के समस्त कार्यदेशक, अनुदेशक एवं कौशल विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
