कन्नौज:  निराश्रित गोवंश को पकड़ – पकड़कर कराया गया संरक्षित

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  जनपद में संचालित सघन निराश्रित गोवंश संरक्षण अभियान के अंतर्गत आज नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित संरक्षण प्रदान करने की कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान गोल कुआँ जीटी रोड तथा मकरंदनगर जीटी रोड के आसपास विचरण कर रहे तीन भारी-भरकम एवं विशालकाय नंदी (सांड) को टीम द्वारा सुरक्षित रूप से पकड़कर खैरनगर स्थित गोशाला में पहुंचाया गया। यह जानकारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने दी। 

उन्होंने बताया कि इन निराश्रित गोवंशों के सड़क पर विचरण करने से यातायात बाधित होने तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इसके साथ ही किसानों की  फसलों के नुकसान की भी समस्याएं रहती थी। इस अभियान के माध्यम से न केवल आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की गई, बल्कि गोवंशों को  सुरक्षित आश्रय में भी उपलब्ध कराया गया।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में निराश्रित गोवंशों को संरक्षित गोशालाओं तक पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों एवं स्थानीय निकायों द्वारा समन्वित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में निराश्रित गोवंशों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित रूप से निकटवर्ती गोशालाओं में पहुंचाया जाएगा।